बिल्सी: दहेज उत्पीड़न का मुकदमा वापस न लेने पर ससुरालियों ने बहू का पैर तोड़ा, रेलवे स्टेशन पर छोड़कर फरार।
बिल्सी बदायूँ 12 जुलाई।
दहेज उत्पीड़न के मुकदमे को वापस लेने का दबाव बनाने पर ससुरालियों ने बहू के साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि सास, ससुर, पति और ननद ने मिलकर महिला के बाल पकड़कर पटका, लात-घूंसों से पीटा और लाठी मारकर उसका पैर तोड़ दिया। इसके बाद उसे उझानी रेलवे स्टेशन पर छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने 4 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव रोशन नगर निवासी गिरजाशंकर पुत्र स्व. द्वारका प्रसाद ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी बेटी छाया शर्मा की शादी 20 फरवरी 2018 को रिसौली के तेजेंद्र शर्मा पुत्र नरेंद्र शर्मा से की थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज उत्पीड़न के मुकदमे को खत्म करने का दबाव बना रहे थे।
गिरजाशंकर का आरोप है कि 6 जून 2026 को दोपहर करीब 2 बजे ससुर नरेंद्र शर्मा, सास हसमुखी, पति तेजेंद्र शर्मा और ननद सुनीता ने मिलकर उनकी बेटी के साथ मारपीट की। विरोध करने पर ननद सुनीता और सास हसमुखी ने बेटी के बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया। पति तेजेंद्र ने लात-घूंसों से पीटा और ससुर नरेंद्र ने लाठी से हमला कर उसका बायां पैर तोड़ दिया। पीड़िता के कान से भी खून निकल आया।
आरोप है कि मारपीट के बाद सभी आरोपी बेटी को जबरदस्ती बिठाकर उझानी रेलवे स्टेशन पर छोड़कर चले गए। इसके बाद बेटी ने फोन कर घटना की जानकारी दी। परिजन उसे घर ले आए और मेडिकल कराया।
कोतवाली बिल्सी पुलिस ने गिरजाशंकर की तहरीर पर ससुर नरेंद्र, सास हसमुखी, पति तेजेंद्र और ननद सुनीता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक बलवीर सिंह को सौंपी गई है।
एसएचओ मनोज कुमार ने बताया कि दहेज उत्पीड़न और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

