।
बिल्सी बदांयू 12 जुलाई।
रामा पेट्रोल पम्प के पास लापरवाही से आ रही तेज रफ्तार ईको गाड़ी ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मोहम्मद गंज निवासी सत्यपाल पुत्र वेदाराम ने कोतवाली बिल्सी में तहरीर देकर बताया कि 10 जुलाई को शाम करीब 7 बजे उनका 26 वर्षीय भतीजा सोनू शर्मा पुत्र सूरज पाल शर्मा अपनी बाइक UP24BN7773 से रामा पेट्रोल पम्प से पेट्रोल डलवाकर सड़क पर आया था।
इसी दौरान सामने से लापरवाही और तेजी से आ रही ईको गाड़ी के अज्ञात चालक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सोनू को शरीर पर गंभीर और खुली चोटें आईं। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे अलीगढ़ के हॉस्पिटल रेफर कर दिया है।
कोतवाली पुलिस ने सत्यपाल की तहरीर पर अज्ञात ईको चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सचिन कुमार कर रहे हैं।
एसएचओ मनोज कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही ईको गाड़ी और चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

