पासपोर्ट बनवाना हुआ महंगा, बच्चों-बुजुर्गों को 10 फीसदी छूट।
36 पेज का पासपोर्ट 5 हजार, तत्काल के लिए 7500 देने होंगे।
बरेली 10 जुलाई।
विदेश जाने की तैयारी कर रहे लोगों को अब ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। केंद्र सरकार ने पासपोर्ट की नई शुल्क दरें लागू कर दी हैं। नई दरों के बाद पासपोर्ट बनवाना महंगा हो गया है। हालांकि सरकार ने 8 साल तक के बच्चों और 60 साल से अधिक के वरिष्ठ नागरिकों को नए पासपोर्ट पर 10 फीसदी की राहत दी है।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि बरेली कार्यालय से बरेली, बदायूं, मुरादाबाद, रामपुर, शाहजहांपुर, पीलीभीत, कासगंज समेत 13 जिले जुड़े हैं। बरेली में एक पासपोर्ट सेवा केंद्र और अन्य जिलों में डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र संचालित हैं। रोजाना करीब 1400 आवेदन आ रहे हैं।
अब 36 पेज पासपोर्ट सामान्य 5000 रुपये, तत्काल 7500 रुपये में बनेगा।
60 पेज पासपोर्ट सामान्य 6000 रुपये, तत्काल 8500 रुपये में बन पाऐगा।
नाबालिग 36 पेज सामान्य 1750 रुपये, तत्काल 4250 रुपये।
खोया/क्षतिग्रस्त पासपोर्ट-सामान्य 4250 रुपये, तत्काल 6750 रुपये।
अधिकारी ने बताया कि बच्चों और बुजुर्गों को छूट सिर्फ नए पासपोर्ट पर मिलेगी। नवीनीकरण पर नई दरें ही लगेंगी।
नई व्यवस्था में पुलिस क्लीयरेंस, सरेंडर सर्टिफिकेट और अन्य प्रमाणपत्रों की फीस 500 से बढ़ाकर 750 रुपये कर दी गई है। इसकी कोई तत्काल सेवा नहीं है। सभी शुल्क अब ऑनलाइन ही जमा होंगे।
11 जुलाई शनिवार को बरेली समेत सभी पासपोर्ट सेवा केंद्र खुले रहेंगे। अपॉइंटमेंट http://passportindia.gov.in पर जारी किए जा चुके हैं।
वयस्क पासपोर्ट की वैधता 10 साल और नाबालिग का पासपोर्ट 5 साल या 18 साल की उम्र तक मान्य होगा।
—
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

