बदायूं
बदायूं मेडिकल कॉलेज में बवाल: सिस्टर इंचार्ज ने नर्सिंग अधिकारी पर उत्पीड़न और धमकी के लगाए आरोप, जांच समिति गठित
केशव गुप्ता
बदायूं। राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं में प्रशासनिक कार्यप्रणाली और कर्मचारियों के बीच तालमेल को लेकर गंभीर विवाद सामने आया है। मेडिकल कॉलेज के ईएनटी वार्ड की सिस्टर इंचार्ज पूनम त्रिवेदी ने अपनी अधीनस्थ नर्सिंग अधिकारी अजीमा खानम और एक क्लर्क पर मानसिक उत्पीड़न, धमकी देने तथा कार्य में बाधा उत्पन्न करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत मिलने के बाद कॉलेज प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच समिति का गठन कर दिया है।
शिकायत पत्र में पूनम त्रिवेदी ने आरोप लगाया है कि नर्सिंग अधिकारी अजीमा खानम लंबे समय से बिना पूर्व सूचना के ड्यूटी से अनुपस्थित रहती हैं, जिससे वार्ड की व्यवस्था और मरीजों के उपचार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। जब उन्होंने इस लापरवाही का विरोध किया तो कॉलेज के एक क्लर्क ने कथित तौर पर उन पर गैर-हाजिरी और छुट्टियों को जबरन मैनेज करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उन्हें स्थानीय होने का दबाव दिखाते हुए सांप्रदायिक टिप्पणियां की गईं तथा जान से मारने और नौकरी से निकलवाने की धमकी भी दी गई।
शिकायतकर्ता ने प्रशासन से अपनी सुरक्षा की मांग करते हुए कहा है कि यदि उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित कर्मचारियों की होगी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने नर्सिंग अधिकारी अजीमा खानम को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में उनसे पूछा गया है कि अवकाश संबंधी प्रक्रिया का पालन क्यों नहीं किया गया तथा बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के अवकाश लेने की स्थिति क्यों बनी। प्रशासन ने तीन कार्य दिवस के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए डॉ. नेहा सिंह, डॉ. विपिन कुमार, डॉ. मुख्तार हुसैन, डॉ. मनीष कुमार और डॉ. सुचेता सिंह की पांच सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शिवकुमार ने बताया कि शिकायत और प्रशासनिक नियमों के उल्लंघन के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। जांच समिति की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद तथ्यों के आधार पर संबंधित पक्षों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

