।
बदांयू 9 जुलाई।
सावन माह शुरू होने में अब 21 दिन ही शेष बचे हैं। ऐसे में कावड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट है, लेकिन बरेली-मथुरा हाईवे के चौड़ीकरण का काम अधूरा होने से शिवभक्तों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
बदायूं से कछला जाने वाले प्रमुख मार्ग पर उझानी मंडी समिति के सामने सड़क निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं हो सका है। सड़क की खुदाई और निर्माण सामग्री पड़ी होने के कारण यहां वाहनों की रफ्तार धीमी रहती है और कई बार जाम की स्थिति बन जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कावड़ यात्रा शुरू होने तक यहां निर्माण पूरा होने की संभावना कम है। इससे कावड़ियों और आम राहगीरों दोनों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
हाईवे पर कई स्थानों पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य जारी है। एक लेन पर ही दोनों तरफ से ट्रैफिक चल रहा है, जिससे दिनभर जाम लगता है। निर्माण सामग्री, गिट्टी और ऊबड़-खाबड़ सड़कें कावड़ियों के लिए परेशानी का सबब बन सकती हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत पैदल चलने वाले शिवभक्तों को होगी।
एडीएम प्रशासन अरुण कुमार ने बताया कि कावड़ यात्रा के संबंध में सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सड़कों को सही कराया जाए, ताकि शिवभक्तों को कोई परेशानी न हो। विद्युत निगम को भी ट्रांसफॉर्मरों की बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन की ओर से निर्माणाधीन पुलों के पास मजिस्ट्रेट और एक-एक पीआरवी तैनात की जाएगी, ताकि जाम न लगे और लोग आसानी से आ-जा सकें। डीएम अवनीश राय ने बताया कि एनएचएआई द्वारा दी गई कार्ययोजना की समीक्षा की जाएगी। 13 जुलाई को कावड़ यात्रा को लेकर कमिश्नर भी समीक्षा के लिए आ सकते हैं।
नगर पंचायत कछला ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश व्यवस्था, सफाई, पेयजल और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
सावन से पहले हाईवे पर चल रहा निर्माण कार्य कावड़ यात्रा के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि शिवभक्तों को असुविधा न हो, इसके लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

