माध्यमिक शिक्षकों, बेसिक शिक्षकों, शिक्षामित्रों अनुदेशकों एवं उनके परिवारों के निःशुल्क चिकित्सा हेतु कैशलेस कार्ड की सुविधा प्रदान करके उत्तर प्रदेश की यशस्वी माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने अत्यधिक सराहनीय कार्य किया है। उत्तर प्रदेश के शिक्षकों के लिए निशुल्क दुर्घटना बीमा की सौगात भी दी है।
विगत दिनों आपने ही 2005 से पूर्व प्रकाशित विज्ञापन के आधार पर नियुक्त सरकारी कर्मचारियों एवं शिक्षकों, आमेलित शिक्षकों को पुरानी पेंशन में सम्मिलित करके कर्मचारियों का दिल जीत लिया है।
शिक्षक नेता एवं समाजसेवी विवेक जौहरी ने माननीय मुख्यमंत्री जी से उत्तर प्रदेश में कार्यरत सभी सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन से आच्छादित करने का सुझाव दिया है क्योंकि नई पेंशन स्कीम न ही कर्मचारियों के लिए लाभदायक है और ना ही सरकार के लिए सस्ती।
नई पेंशन योजना में 10% धनराशि कर्मचारी के वेतन से तथा 14 प्रतिशत धनराशि सरकार के खजाने से प्रतिमाह जमा की जाती है। उसके बाद भी सेवा निवृत्ति पर कर्मचारियों को भरपेट भोजन करने लायक तक भी पेंशन नहीं मिल पाती है।
साथ ही कहा है कि यदि पुरानी पेंशन देना संभव ना हो तो नई पेंशन योजना भी समाप्त कर दी जाए और कर्मचारियों के वेतन से किसी प्रकार की कोई कटौती ना की जाए ताकि कर्मचारी अपने वेतन में से अपने भविष्य के लिए भी कुछ बचत कर सके।
सर्वश्री पंकज कुमार, अनूपकुमार, विनय कुमार आदि ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए माननीय मुख्यमंत्री जी एवं माध्यमिक शिक्षा मंत्री जी को धन्यवाद प्रेषित किया है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

