
पड़ोसी से पुरानी रंजिश: घर में घुसकर 3 महिलाओं समेत 4 लोग लाठी-घूसों से पीटे।
कोतवाली उझानी में 3 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज, जांच उपनिरीक्षक रवनीत सिंह को सौंपी
उझानी-बदांयू 7 जुलाई।
कोतवाली उझानी क्षेत्र के ग्राम सिरसौली में पड़ोसियों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर जमकर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने घर में घुसकर लाठी-डण्डों और लात-घूसों से हमला कर 3 महिलाओं समेत एक युवक को घायल कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने 3 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम सिरसौली निवासी निर्देश पाल पुत्र मिहिलाल ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाले ओवेन्द्र पुत्र भूदेव आए दिन किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा करते रहते हैं।
14 जून को दोपहर ओवेन्द्र, सोवेन्द्र पुत्रगण भूदेव और मोरश्री पत्नी भूदेव उनके घर में घुस आए और लाठी-डण्डे व लात-घूसों से मारपीट शुरू कर दी।
इस हमले में प्रार्थी निर्देश पाल, उनकी बहन कुसुम पुत्री मिहिलाल और मां नन्ही देवी पत्नी मिहिलाल को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित का आरोप है कि कुसुम को सबसे ज्यादा चोटें आई हैं। हमला करने के बाद सभी आरोपी जान से मारने और देख लेने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि आरोपी लगातार उनके परिवार को डरा-धमका रहे हैं।
तहरीर के आधार पर कोतवाली उझानी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जांच का जिम्मा उपनिरीक्षक रवनीत सिंह को दिया गया है। पुलिस ने पीड़ितों का मेडिकल कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
— राजेश वार्ष्णेय एमके
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

