9:56 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी मंडी में मक्का की बंपर आवक से लगा 2 KM लंबा जाम।

बरेली-मथुरा हाईवे 2 घंटे ठप, एंबुलेंस फंसी तो मरीज को ई-रिक्शे से भेजा।

उझानी-बदांयू 4 जुलाई।

उझानी कृषि उत्पादन मंडी समिति पर मक्का की बंपर पैदावार के कारण शनिवार सुबह किसानों के ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की भारी भीड़ लग गई। मंडी में जगह न मिलने से वाहन सड़क तक कतारबद्ध हो गए, जिससे बरेली-मथुरा हाईवे पर दोनों तरफ करीब 2 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

सुबह करीब 8 बजे लगा यह जाम बमुश्किल 10 बजे खुल सका। इस दौरान हाईवे पर बसें, ट्रक घंटों खड़े रहे। भीषण गर्मी में बसों में फंसे यात्री पसीने से तर-बतर नजर आए। सबसे ज्यादा परेशानी उस एंबुलेंस को हुई जो मरीज को लेकर आ रही थी। जाम में फंसे होने के कारण काफी देर तक एंबुलेंस आगे नहीं बढ़ सकी। आखिर में मरीज को ई-रिक्शा के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

आरोप है कि तिराहे पर ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों ने जाम खुलवाने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। वे एक तरफ खड़े होकर तमाशा देखते रहे। वहीं परिवहन विभाग के टीएसआई भी मौके से नदारद रहे। जैसे ही किसानों के वाहन मंडी परिसर के अंदर जाने लगे, जाम स्वतः खुलने लगा।

किसानों का कहना है कि मंडी में मक्का की आवक बढ़ने के बावजूद लोडिंग-अनलोडिंग और पार्किंग की समुचित व्यवस्था न होने से हर साल इस तरह की समस्या खड़ी हो जाती है।

— राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस