बदायूं
नाबालिग से दुष्कर्म मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, इस्लामनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
केशव गुप्ता
बदायूँ। थाना इस्लामनगर पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को बुधवार को मियांपुर दियौरा तिराहे के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को पीड़िता की दादी प्रेमवती पत्नी प्यारेलाल की तहरीर पर थाना इस्लामनगर में गजेन्द्र एवं एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान 30 जून को पीड़िता द्वारा न्यायालय में दिए गए बयान में दुष्कर्म की पुष्टि होने पर मुकदमे में गंभीर धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 70(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5G/6 जोड़ दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया तथा क्षेत्राधिकारी बिल्सी आलोक सिद्धू के पर्यवेक्षण में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
इसी क्रम में थाना इस्लामनगर पुलिस ने बुधवार को मुख्य आरोपी गजेन्द्र पुत्र ओमवीर, निवासी ग्राम भवीपुर, थाना इस्लामनगर को ग्राम मियांपुर दियौरा तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी उपनिरीक्षक विश्वदेव सिंह एवं उनकी पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
