7:21 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी में मेघ मेहरबान: किसानों की बल्ले-बल्ले, धान रोपाई ने पकड़ी रफ्तार

उझानी-बदांयू 1 जुलाई।

बीते दो दिनों की हल्की,बुधवार सुबह हुई झमाझम बारिश ने उझानी क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत दी है। कई दिनों से डीजल पंपों के भरोसे चल रही धान की रोपाई अब बारिश के पानी से रफ्तार पकड़ चुकी है। नरऊ, अब्दुल्ला गंज, मिहीलाल नगला,और पटपरागंज के खेत लबालब भर गए हैं। सुबह होते ही महिला-पुरुष किसानों के जत्थे खेतों में उतर आए।


नरऊ के किसान रामस्वरूप बताते हैं कि 95 रुपये लीटर डीजल ने कमर तोड़ रखी थी। एक बीघा सींचने में 500 रुपये लग जाते थे। इस बारिश ने 10 दिन की सिंचाई बचा दी। किसान विमला देवी के लिए यह बारिश त्योहार जैसी है बोली नर्सरी पीली पड़ रही थी। अब पूरा परिवार रोपाई में लगा है। मजदूरी बचने से बच्चों की फीस निकल आएगी।

पटपरागंज के नेत्रपाल पिछले साल का नुकसान याद करते हैं, बारिश लेट हुई तो आधा धान सूख गया था। इस बार समय पर पानी मिल गया। अगर दो बारिश और हो जाए तो रिकॉर्ड तोड़ फसल होगी। वही अनेकपाल कहते हैं 2000 रुपये बीघा मजदूरी बच गई। बारिश का पानी धान के लिए अमृत है।

रोपाई तेज होने से खेतिहर मजदूरों की मांग बढ़ी है। ट्रैक्टर और रोटावेटर के रेट भी 200 रुपये प्रति घंटा तक कम होने की उम्मीद है क्योंकि डीजल की खपत घटेगी। कृषि विभाग के अनुसार उझानी तहसील में अब तक 30% रोपाई पूरी हो चुकी है। बारिश जारी रही तो 15 जुलाई तक लक्ष्य पूरा हो जाएगा।

मौसम बैज्ञानिकों के अनुसार अगले 48 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। इससे खरीफ सीजन की बुवाई को और संबल मिलेगा।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस