।
उझानी-बदांयू 1 जुलाई।
बदायूं जनपद के उझानी ब्लॉक क्षेत्र और आसपास के गांवों में आज सुबह से भारी बारिश हो रही है। इस झमाझम बारिश से किसान चिंतित हैं, क्योंकि उनकी मक्का की फसल का एक बड़ा हिस्सा अभी तक काटा नहीं गया है।
किसानों का कहना है कि यह बारिश उनकी फसलों के लिए काफी नुकसानदायक है। अभी भी कई किसानों की मक्का की फसल खेतों में खड़ी है और कटाई का इंतजार कर रही है।
नरऊ के किसान रोहित कुमार ने बताया कि उनकी मक्का की लगभग 50% फसल अभी भी कटाई के लिए बाकी है। पिछले दो-तीन दिनों से मौसम खराब चल रहा है, जिससे कटाई का काम प्रभावित हुआ है।
एक अन्य किसान छोटे लाल ने जानकारी दी कि उनकी लगभग 12 बीघा मक्का की फसल अभी भी खेतों में है। खराब मौसम के कारण उन्होंने फसल कटवाना बंद कर दिया है।
किसान महावीर सिंह ने भी बताया कि उनकी फसल का एक बड़ा हिस्सा अभी भी कटाई के लिए बाकी है। बारिश के कारण उन्हें भारी नुकसान होने की आशंका है।
गजेंद्र कुमार, रविंद्र, संतोष कुमार, मोहन सिंह, राम सिंह, प्रदीप सहित कई किसान इस बारिश से चिंतित हैं। खराब मौसम के चलते किसानों को भारी नुकसान की आशंका सता रही है। लगातार बारिश से खेतों में पानी भर गया है और खड़ी फसल के सड़ने का खतरा बढ़ गया है।
राजेश वार्ष्णेय एमके।




badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

