बदायूं। शहर की रेलवे कॉलोनी में इन दिनों बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बंदरों के झुंड आए दिन घरों की छतों, आंगनों और गलियों में उत्पात मचा रहे हैं, जिससे कॉलोनी के लोगों का घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बंदर घरों में घुसकर खाने-पीने का सामान उठा ले जाते हैं, कपड़े फाड़ देते हैं और छोटे बच्चों व बुजुर्गों पर झपटने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। कई लोग बंदरों के हमले में घायल भी हो चुके हैं, जिससे कॉलोनी में भय का माहौल बना हुआ है।
निवासियों का आरोप है कि इस समस्या की जानकारी कई बार संबंधित विभाग और नगर पालिका प्रशासन को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द बंदरों को पकड़वाने और कॉलोनी को इस समस्या से राहत दिलाने की मांग की है।
रेलवे कॉलोनी के नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने जिला प्रशासन और वन विभाग से तत्काल अभियान चलाकर बंदरों के आतंक से निजात दिलाने की अपील की है।



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com