उझानी में शुरू हुआ ‘सफाई का सुपर-ओवर’, ईओ मणि सैनी ने संभाला मोर्चा।
डंपिंग ग्राउंड खुलेगा, अतिक्रमण उखड़ेगा, ई-रिक्शा पर कसेगा शिकंजा।
उझानी, बदायूं 19 जून 2026।
नगर पालिका परिषद के नवनियुक्त अधिशासी अधिकारी मणि सैनी ने पदभार संभालते ही ‘मिशन क्लीन उझानी’ का आगाज कर दिया। शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में उन्होंने पटपरागंज डंपिंग ग्राउंड को पुनः चालू करने का बड़ा ऐलान किया। कहा कि जिलाधिकारी से अंतिम दौर की वार्ता जारी है और जल्द ही शहर को कचरा निस्तारण की बड़ी सौगात मिलेगी।
वेंडिंग जोन जल्द होगा गुलजार
कश्यप पुलिया पर बने वेंडिंग जोन को लेकर ईओ ने भरोसा दिलाया कि संबंधित पटल से पूरी रिपोर्ट तलब कर ली गई है। फुटपाथ दुकानदारों को व्यवस्थित जगह देने के लिए इसे प्राथमिकता पर शुरू कराया जाएगा।
अतिक्रमण और अवैध ई-रिक्शा पर लगेगा ब्रेक
मुख्य बाजारों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए ईओ ने सख्त लहजे में कहा कि उच्चाधिकारियों के साथ मिलकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। वहीं बिना रजिस्ट्रेशन सड़कों पर फर्राटा भर रहे ई-रिक्शा चालकों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी है।
नरऊ को मिलेगी जलभराव से मुक्ति
नरऊ क्षेत्र में वर्षों पुरानी गंदे पानी की समस्या पर विराम लगाने के लिए एसटीपी प्लांट का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। मंजूरी मिल गई है , कुछ अड़चनें है दूर कर ली जाएंगी। निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू कराया जाएगा।
जनसुविधाएं सर्वोपरि
ईओ मणि सैनी ने दो टूक कहा कि स्वच्छ पेयजल और चाक-चौबंद सफाई व्यवस्था उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए रोजाना मॉनिटरिंग होगी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राजेश वार्ष्णेय एमके



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

