आज से बजेगी शहनाई: उझानी के बाजारों में लौटी सहालग की रौनक, कपड़ा-सर्राफा से लेकर बैंड-बाजा तक तैयार।
उझानी-बदांयू 19 जून।
डेढ़ महीने की सुस्ती के बाद उझानी के बाजार एक बार फिर शादी-विवाह की तैयारियों से गुलजार हो उठे हैं। 19 जून आज से विवाह के शुभ मुहूर्त शुरू होते ही बदायूं रोड, स्टेशन रोड और मुख्य बाजार में ग्राहकों की चहल-पहल बढ़ गई है। कपड़ा, सर्राफा, बर्तन, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक्स और उपहार सामग्री के कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं।
शादी के परिधानों के लिए कपड़ा दुकानों पर लहंगे, शेरवानी और साड़ियों की खरीदारी तेज हो गई है। सर्राफा बाजार में सोने-चांदी के आभूषणों की मांग बढ़ी है। दामों में हल्की नरमी से ग्राहक उत्साहित हैं। वहीं बर्तन, फर्नीचर और गिफ्ट आइटम के दुकानदारों ने भी स्टॉक बढ़ा दिया है। व्यापारी इस सहालग में पिछले साल से बेहतर कारोबार की उम्मीद जता रहे हैं।
मैरिज होम, गेस्ट हाउस, बैंक्वेट हॉल, कैटरिंग, बैंड पार्टियां, डीजे, फूल सजावट और लाइटिंग का काम करने वाले बुकिंग को अंतिम रूप दे रहे हैं। टेंट हाउस संचालकों के अनुसार 19 जून से 12 जुलाई तक लगभग सभी तारीखें बुक हो चुकी हैं। कारीगर दिन-रात तैयारियों में जुटे हैं।
पंडित प्रवीण शर्मा के अनुसार 19 से 29 जून तक लगातार विवाह मुहूर्त हैं। जुलाई में 1, 3, 4, 6, 7, 8, 9, 11 और 12 तारीख को भी शुभ योग बन रहे हैं। 12 जुलाई को देवशयनी एकादशी के साथ चातुर्मास शुरू हो जाएगा। चातुर्मास में चार महीने तक विवाह और मांगलिक कार्य बंद रहेंगे, इसलिए लोग इसी अवधि में समारोह निपटाने में जुटे हैं।
खरमास और अधिकमास के चलते बाजार पिछले डेढ़ महीने से सुस्त था। अब सहालग शुरू होते ही हर सेक्टर में तेजी दिख रही है। स्थानीय व्यापार मंडल का अनुमान है कि इस बार उझानी में शादी सीजन का कारोबार 20-25% तक बढ़ सकता है।
उझानी में शहनाई की गूंज के साथ ही आर्थिक गतिविधियों ने भी रफ्तार पकड़ ली है।
— राजेश वार्ष्णेय एमके।



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

