6:47 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

सीएमओ ने सीएचसी बिल्सी का किया औचक निरीक्षण

स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के दिए निर्देश
बिल्सी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास शर्मा ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिल्सी का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में संचालित विभिन्न सेवाओं, औषधि भंडार कक्ष, आपातकालीन सेवा, पैथोलॉजी लैब तथा प्रसव कक्ष का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
सीएमओ ने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं के स्टॉक की जांच करते हुए आवश्यक औषधियों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पैथोलॉजी लैब में जांच सुविधाओं तथा रिपोर्ट वितरण व्यवस्था का भी अवलोकन किया। प्रसव कक्ष का निरीक्षण करते हुए गर्भवती महिलाओं को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के उपरांत सीएमओ ने सभी एएनएम की बैठक लेकर टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से गांव-गांव तक स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।
इस दौरान मौजूद चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार गुप्ता को सीएमओ ने विशेष निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर एवं बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, आपातकालीन सेवाओं की तत्परता तथा मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। निरीक्षण के दौरान अस्पताल का चिकित्सकीय एवं स्वास्थ्य स्टाफ मौजूद रहा।

विज्ञापन एक्सप्रेस