8:18 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

दावत खाने जा रहे उझानी के कृष्णा की मौत: ट्रक की टक्कर के बाद 7 दिन चला इलाज, घर पर तोड़ा दम

दावत खाने जा रहे उझानी के कृष्णा की मौत: ट्रक की टक्कर के बाद 7 दिन चला इलाज, घर पर तोड़ा दम।

उझानी-बदांयू 16 जून।

उझानी कोतवाली क्षेत्र के गौतमपुरी निवासी 17 वर्षीय कृष्णा की सड़क हादसे में घायल होने के सात दिन बाद सोमवार रात मौत हो गई। 9 जून को सदर कोतवाली क्षेत्र में पशु चिकित्सालय के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी थी। सैफई और दिल्ली में इलाज के बाद परिजन उसे घर ले आए थे, लेकिन सोमवार रात अचानक तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। कृष्णा अपने चार भाइयों में तीसरे नंबर का था।

ज्ञात रहे गौतमपुरी निवासी अजय सिंह का बेटा कृष्णा 9 जून को अपने मोहल्ले के अनु और मझिया गांव के एक दोस्त के साथ बाइक से मझिया गांव में दावत खाने जा रहा था। सदर कोतवाली क्षेत्र में पशु चिकित्सालय के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में कृष्णा के सिर में गंभीर चोट आई थी।

हादसे के बाद परिजनों ने कृष्णा को पहले जिला अस्पताल, फिर सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। सैफई में सुधार न होने पर उसे दिल्ली ले जाया गया। दिल्ली में इलाज के दौरान मामूली सुधार हुआ तो परिजन उसे घर ले आए। परिजनों के मुताबिक सोमवार रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसने दम तोड़ दिया।

कृष्णा चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। बेटे की मौत से पिता अजय सिंह और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि बेटा दावत खाने की जिद करके निकला था। मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।

सूचना पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया था। पुलिस अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस