8:59 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौत, दो गंभीर

उझानी में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौत, दो गंभीर।

उझानी (बदायूं)16 जून ।

बरेली-मथुरा हाईवे पर करुआ पुल के पास मंगलवार को तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उझानी सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली उझानी क्षेत्र के हरहरपुर गांव निवासी 35 वर्षीय जोगेंद्र पुत्र रामौतार अपनी बाइक से जा रहे थे। उनके साथ 35 वर्षीय अजब सिंह पुत्र चुन्नीलाल भी सवार थे। करुआ पुल के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जोगेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में अजब सिंह और दूसरी बाइक पर सवार जनपद कासगंज के थाना सोरों क्षेत्र के गंगागढ़ गांव निवासी 30 वर्षीय प्रमोद पुत्र हरपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने तीनों को उझानी सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जोगेंद्र को मृत घोषित कर दिया। अजब सिंह और प्रमोद की हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं रेफर कर दिया गया।

घटना की जानकारी पर पहुंची उझानी पुलिस ने मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे मृतक जोगेंद्र के शव को कब्जे में ले लिया। पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइकें काफी तेज रफ्तार में थीं। आमने-सामने की टक्कर के बाद बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइकों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।

विज्ञापन एक्सप्रेस