उझानी में रफ्तार का कहर: ट्रक ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, एक ही परिवार के तीन समेत चार गंभीर।
कृषि अनुसंधान केंद्र के पास हादसा, मां-बेटे और पोते की हालत नाजुक, मेडिकल कॉलेज रेफर।
उझानी, बदायूं 15 जून ।
कोतवाली उझानी क्षेत्र में सोमवार शाम करीब चार बजे तेज रफ्तार ट्रक ने सवारियों से भरे ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों समेत चार सवारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर चीख-पुकार मच गई।
हादसा कछला रोड के कृषि अनुसंधान केंद्र के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा पलट गया और उसमें बैठी सवारियां सड़क पर जा गिरीं।
हादसे में उझानी के मोहल्ला गद्दी टोला निवासी 30 वर्षीय शोएब पुत्र इमामुददीन, 51 वर्षीय खुशनुमा पत्नी इमामुददीन और 7 वर्षीय शाकिब पुत्र इमामुददीन गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं गौतमपुरी मोहल्ले के 50 वर्षीय प्रेमचंद्र पुत्र झम्मन लाल को भी गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची उझानी कोतवाली पुलिस ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर सभी घायलों को उझानी सीएचसी भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने चारों की हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।


हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से ट्रक समेत फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

