6:08 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी के संजरपुर में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे चले, कई घायल; पुलिस ने दर्ज की क्रॉस FIR

उझानी के संजरपुर में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे चले, कई घायल; पुलिस ने दर्ज की क्रॉस FIR।

उझानी (बदायूं) 13 जून ।

कोतवाली क्षेत्र के संजरपुर वालजीत गांव में 9 जून 2026 की शाम पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप लगाया है। मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों की तहरीर पर क्रॉस केस दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक अनुज कुमार को सौंपी है।

सत्यपाल सिंह पुत्र बच्चू सिंह ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि 9 जून की शाम करीब 7:15 बजे उनका 17 वर्षीय नाती दिव्यांश पुत्र रविकान्त चक्की से आटा लेने जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में शिशुपाल सिंह और प्रवीण पुत्र शिशुपाल ने घर के सामने गाली-गलौज कर डंडा फेंककर मारा। नाती भागकर स्कूल के पास पहुंचा तो वहां शिशुपाल, सचिन पुत्र शिशुपाल और गोविन्द पुत्र प्रवीण ने लाठी-डंडे व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में सत्यपाल और दिव्यांश लहूलुहान हो गए। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। सत्यपाल का आरोप है कि ये दबंग लोग पहले भी मारपीट कर चुके हैं और परिवार को घेरने की कोशिश कर रहे हैं।

वहीं दूसरे पक्ष के सचिन कुमार सिंह पुत्र शिशुपाल सिंह का आरोप है कि उसी दिन शाम 7:15 बजे वह अपने पिता शिशुपाल के साथ मक्का के खेत में पानी लगाने जा रहे थे। स्कूल के पास सत्यपाल पुत्र बच्चू, कल्लू पुत्र बच्चू और दिव्यांश पुत्र रवि ने रास्ते में घेर लिया और लाठी-डंडे व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मारपीट में सचिन और उनके पिता शिशुपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सचिन ने तहरीर में कहा कि हमलावर शोर मचने पर लोगों के एकत्र होने पर भाग गए। उनका आरोप है कि सत्यपाल का बेटा रविकान्त उनकी बहन को भगा ले गया था और अब उल्टा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं।

कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी उपनिरीक्षक अनुज कुमार मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

दोनों पक्ष एक-दूसरे पर पहले भी मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा रहे हैं।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस