उझानी: जमीन के नाम पर 7.69 लाख की ठगी, बैंक से कुर्क जमीन बेच दी।
पीड़ित को जान से मारने की धमकी, SSP से लेकर CM तक शिकायत पर भी नहीं हुई कार्रवाई, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज।
उझानी, बदायूँ 12 जून ।
जिले के उझानी थाना क्षेत्र में जमीन के नाम पर 7 लाख 69 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों ने बैंक द्वारा कुर्क की जा चुकी जमीन का सौदा कर पीड़ित से लाखों रुपये ऐंठ लिए। अब पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
दर्ज रिपोर्ट के अनुसार ग्राम बुर्रा फरीदपुर निवासी अतुलेश पुत्र अजय पाल ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि ग्राम पतौरा निवासी निरोत्तम, अरविन्द, अवधेश व जसवीर ने 2 साल 8 माह पहले उनसे संपर्क किया। आरोपियों ने कहा कि उनकी मां के हिस्से की जमीन गाटा संख्या 189, रकवा 0.733 का बैनामा करा लो। पैसों की सख्त जरूरत बताकर उ0प्र0 सहकारी ग्राम विकास बैंक में जमा करने की बात कही।
पीड़ित के पिता ने विश्वास करके 01/03/2023 को 1.05 लाख, 02/03/2023 को 1.05 लाख और 05/03/2023 को 4.69 लाख रुपये नकद दे दिए। यह लेन-देन 100 रुपये के स्टाम्प पेपर पर गवाह शेर सिंह, विजनेश, अनिल, सत्यवीर, जयवीर के सामने हुआ। बैनामे की तारीख 17/09/2023 तय हुई।
जब अतुलेश बैनामा कराने के लिए तहसील पहुंचे और कम्प्यूटराइज्ड इंतखाब निकलवाया तो पैरों तले जमीन खिसक गई। पता चला कि उक्त जमीन उप जिलाधिकारी के आदेश से 28/01/2019 को ही भूमि विकास बैंक, उझानी द्वारा कुर्क की जा चुकी है। आरोपी बैंक के बकायादार थे।
30/03/2026 को पीड़ित गाँव के शेर सिंह, जयवीर सिंह व सुगन्ध को साथ लेकर पंचायत में गया। आरोप है कि वहां आरोपियों ने अभद्रता की और कहा “तुमको नहीं दिखता, यहां से चले जाओ। हमारे पास तुम्हारा कोई पैसा नहीं है। अदालत से बैनामा करा लो।” पीड़ित का आरोप है कि ज्यादा बोलने पर परिवार सहित जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
पीड़ित ने 10/04/2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुख्यमंत्री पोर्टल, DGP लखनऊ व IG बरेली को रजिस्टर्ड पत्र भेजकर FIR दर्ज करने की मांग की। आरोप है कि विपक्षीगणों की पुलिस से सांठ-गांठ के कारण कोई कार्रवाई नहीं हुई और रोज धमकियां मिल रही हैं।
परेशान होकर पीड़ित ने 21/05/2026 को सीजेएम कोर्ट, बदायूँ में प्रार्थना पत्र दाखिल किया है। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने BNS की धारा 175(3) के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
— राजेश वार्ष्णेय एमके

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

