5:44 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी: रोडवेज बस बचाने में बाइक फिसली, तीन घायल; एक गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर

उझानी: रोडवेज बस को बचाने में बाइक फिसली, तीन घायल; एक की हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर।

उझानी-बदांयू 11 जून ।

कोतवाली उझानी क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर बृहस्पतिवार को बड़ा हादसा हो गया। फूलपुर गांव के पास रोडवेज बस को बचाने के चक्कर में एक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। बाइक पर सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक घायल की हालत नाजुक होने पर उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, रायपुर गांव निवासी 52 वर्षीय धर्म सिंह पुत्र गंगाराम, 35 वर्षीय अनेकपाल पुत्र जीसुखलाल और 34 वर्षीय रतन पुत्र भूरे एक ही बाइक पर सवार होकर किसी काम से उझानी आ रहे थे।

फूलपुर गांव के पास अचानक सामने आई रोडवेज बस को बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर पहुंची एम्बुलेंस ने तीनों घायलों को उझानी सीएचसी में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने धर्म सिंह की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहीं अनेकपाल और रतन का सीएचसी में ही इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना पर उझानी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
एक बाइक पर तीन सवारी यातायात नियमों का उल्लंघन है। पुलिस ने लोगों से नियमों का पालन करने की अपील की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस