बदायूं
भीषण गर्मी में बिजली संकट से जूझ रहा आदर्श नगर, आक्रोशित नागरिकों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
केशव गुप्ता
बदायूं। भीषण गर्मी के बीच आदर्श नगर क्षेत्र के लोग लगातार बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से परेशान हैं। क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की है। लोगों का आरोप है कि दिन और रात में कई-कई घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
नागरिकों का कहना है कि बिजली आने के बाद भी लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है, जिसके कारण पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण सही ढंग से नहीं चल पा रहे हैं। भीषण गर्मी में बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अधिकारियों को कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। अधिकारियों की अनदेखी के चलते लोगों में भारी नाराजगी है।
ज्ञापन के माध्यम से नागरिकों ने जिलाधिकारी से मांग की कि आदर्श नगर क्षेत्र में नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए तथा लो वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द राहत नहीं मिली तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
