बदायूं
हरित धरा रैली को सदर विधायक ने दिखाई हरी झंडी, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
बदायूं। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला गंगा समिति, जिला वृक्षारोपण समिति एवं जिला पर्यावरण समिति (सामाजिक वानिकी विभाग, बदायूं) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “हरित धरा रैली” का शुभारंभ सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं रैली में सहभागिता करते हुए आमजन को पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जागरूक किया।
सदर विधायक ने कहा कि प्रकृति हमारी अमूल्य धरोहर है और इसका संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण, हरित आवरण और जल संरक्षण के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य देने के लिए सभी को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा जल स्रोतों के संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़कर पौधरोपण करें और पर्यावरण संरक्षण के इस जन आंदोलन को मजबूत बनाएं। रैली के माध्यम से शहरवासियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने, हरियाली बढ़ाने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
