बदायूं
बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर के विरोध में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन आज, राज्यपाल को भेजा जाएगा ज्ञापन
केशव गुप्ता
बदायूं। आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा शुक्रवार को बिजली कटौती, बढ़ी हुई विद्युत दरों और स्मार्ट मीटर व्यवस्था के विरोध में जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपेंगे।
पार्टी नेताओं का आरोप है कि प्रदेश में लगातार हो रही बिजली कटौती से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।
आप नेताओं ने कहा कि बढ़ी हुई बिजली दरों और स्मार्ट मीटर प्रणाली की समीक्षा की जानी चाहिए। पार्टी ने मांग की है कि हाल ही में बढ़ाए गए बिजली शुल्क को तत्काल वापस लिया जाए तथा स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराकर उपभोक्ताओं को राहत दी जाए।
धरना-प्रदर्शन के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता जनता से जुड़े इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे और राज्यपाल के नाम ज्ञापन भेजकर सरकार से जनहित में आवश्यक कदम उठाने की मांग करेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
