5:51 pm Monday , 27 July 2026
BREAKING NEWS

विश्व पर्यावरण दिवस पर बदायूँ में चला ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान, डीएम-एसएसपी ने किया वृक्षारोपण

बदायूं

विश्व पर्यावरण दिवस पर बदायूँ में चला ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान, डीएम-एसएसपी ने किया वृक्षारोपण

केशव गुप्ता

बदायूँ। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जनपद बदायूँ में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कृषि विज्ञान केंद्र, उझानी में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता सिंह ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर अधिकारियों ने वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन और पर्यावरण संतुलन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की आवश्यकता है।
डीएम और एसएसपी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जनपद के लिए निर्धारित वृक्षारोपण लक्ष्य को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए। साथ ही उन्होंने जोर देकर कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा, सिंचाई और नियमित देखभाल सुनिश्चित करना भी उतना ही जरूरी है, ताकि लगाए गए पौधे वृक्ष का रूप ले सकें।
कार्यक्रम में प्रभागीय वन अधिकारी निधि चौहान, थाना प्रभारी उझानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा जनपद के सभी थाना परिसरों में भी वृक्षारोपण अभियान चलाया गया और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक पौधे लगाने के निर्देश दिए गए।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस अभियान के माध्यम से प्रशासन ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने और प्रकृति को हरा-भरा बनाने का आह्वान किया।

विज्ञापन एक्सप्रेस