5:54 pm Monday , 27 July 2026
BREAKING NEWS

मेंथा टैंक बना मौत का कुआं: जहरीली गैस से दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत, बचाने उतरा तीसरा भाई जिंदगी से जूझ रहा

बदायूं

मेंथा टैंक बना मौत का कुआं: जहरीली गैस से दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत, बचाने उतरा तीसरा भाई जिंदगी से जूझ रहा

केशव गुप्ता

बदायूं। जनपद के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के सुनेनी पापड़ी गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। मेंथा कारोबारी के टैंक में जहरीली गैस की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि उन्हें बचाने के लिए टैंक में उतरा तीसरा भाई गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी बट्टू सिंह का मेंथा प्लांट है और खेतों में बड़े पैमाने पर मेंथा की फसल तैयार है। गुरुवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे उनका बड़ा बेटा जयवीर यादव (35) टैंक की सफाई करने के लिए उसमें उतरा। टैंक में उतरते ही वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा।
भाई को बचाने के लिए छोटा भाई राजेश यादव (22) भी टैंक में उतर गया, लेकिन कुछ ही मिनटों में वह भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया। दोनों भाइयों को बचाने के प्रयास में तीसरा भाई मनवीर भी टैंक में उतरा, लेकिन वह भी गैस से प्रभावित होकर अचेत हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने मुंह पर कपड़ा बांधकर और रस्सियों की मदद से तीनों भाइयों को टैंक से बाहर निकाला। एंबुलेंस पहुंचने तक ग्रामीणों ने करीब 15 मिनट तक सीपीआर देकर उनकी जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जयवीर और राजेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं मनवीर की हालत गंभीर होने पर उसे मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
हादसे के बाद मृतकों के घर में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में टैंक के भीतर बनी जहरीली गैस को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस और फोरेंसिक टीम पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

विज्ञापन एक्सप्रेस