बदायूं
बदायूँ ने जीता खो-खो का खिताब, कबड्डी में भी दिखाया दमखम
केशव गुप्ता
बदायूँ। रिजर्व पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित तृतीय अंतर जनपदीय पुलिस कबड्डी क्लस्टर (महिला/पुरुष) प्रतियोगिता-2026 के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का उत्साह बढ़ा दिया। प्रतियोगिता के अंतर्गत कबड्डी, खो-खो, जिम्नास्टिक एवं फैंसिंग के मुकाबले खेले गए, जिनमें विभिन्न जनपदों की टीमों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
महिला वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में मेजबान जनपद बदायूँ ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जनपद मुरादाबाद को 13-05 के अंतर से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। पूरे मैच के दौरान बदायूँ की खिलाड़ियों ने बेहतर रणनीति और टीम वर्क का परिचय दिया।
वहीं पुरुष वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में खेले गए पहले मुकाबले में जनपद बदायूँ ने जनपद रामपुर को 26-14 के बड़े अंतर से हराकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। दूसरे मुकाबले में जनपद मुरादाबाद ने जनपद बरेली को पराजित कर जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता का संचालन निर्णायक मंडल की देखरेख में किया गया, जिसमें जिला क्रीड़ा अधिकारी अमित रिछारिया, दीपेश कुमार, रामदास यादव, रामअवतार, सत्यवीर सिंह यादव एवं ज्योति सक्सेना शामिल रहे। खिलाड़ियों के उत्साह और खेल भावना ने प्रतियोगिता को रोमांचक बना दिया।
समापन समारोह एवं फाइनल मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
