4:17 pm Wednesday , 22 July 2026
BREAKING NEWS

सुबह सिर दर्द, और सांस फूलना हो सकता है हाई बीपी का संकेत-डाॅ इवा फरमान।

सुबह सिर दर्द, और सांस फूलना हो सकता है हाई बीपी का संकेत-डाॅ इवा फरमान।

उझानी, 31 मई।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने हाइपरटेंशन यानी हाई ब्लड प्रेशर को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की है। विशेषज्ञों के अनुसार इसे “साइलेंट किलर” कहा जाता है क्योंकि अक्सर इसके लक्षण दिखाई नहीं देते और मरीज को पता ही नहीं चलता।

किन लक्षणों पर दें ध्यान।

डॉक्टर इवा फरमान का कहना है कि अगर सुबह उठते ही सिर के पिछले हिस्से में तेज दर्द, सिर भारी लगना, चक्कर आना और सांस फूलने की शिकायत हो तो इसे नजरअंदाज न करें। ये हाई ब्लड प्रेशर के शुरुआती संकेत हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत बीपी की जांच करानी चाहिए।

लापरवाही पड़ सकती है भारी

हाइपरटेंशन का समय पर इलाज न होने से हार्ट अटैक, कार्डिएक अरेस्ट, लकवा और किडनी फेलियर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। नगर के डाॅ इवा फरमान के अनुसार, इलाज के लिए आने वाले कई मरीजों में जांच के दौरान हाइपरटेंशन की पुष्टि होती है, जबकि उन्होंने शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर दिया था।

युवाओं में तेजी से बढ़ रहा खतरा

आजकल खराब दिनचर्या, ज्यादा नमक का सेवन, फास्ट फूड, धूम्रपान और तनाव के कारण 25-30 साल के युवाओं में भी हाइपरटेंशन के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। देश में हर चौथा व्यक्ति इस बीमारी से ग्रसित है, जबकि 27% लोगों को अपनी बीमारी का पता ही नहीं है। किडनी के 80% मरीज भी हाई बीपी से पीड़ित पाए गए हैं।

बचाव के लिए क्या करें: डॉक्टरों की सलाह

नमक कम खाएं- रोजाना के मुकाबले नमक की मात्रा आधी कर दें।
नशे से दूरी- धूम्रपान, तंबाकू छोड़ें। चाय-कॉफी का सेवन सीमित करें।
खानपान सुधारें- तला-भुना, ज्यादा मीठा और फास्ट फूड से बचें।
दवा बंद न करें- बीपी के मरीज डॉक्टर की सलाह के बिना दवा न छोड़ें।
नियमित जांच- सुबह उठने पर, शाम को और सोने से पहले बीपी जरूर नापें। अनियंत्रित होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि 30 साल की उम्र के बाद हर व्यक्ति को नियमित रूप से बीपी की जांच करानी चाहिए, चाहे कोई लक्षण हों या नहीं। अगर आपको ऊपर बताए गए लक्षण दिखें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच कराएं।

— राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.