बदायूं
बिजली संकट से त्रस्त नागपुर के ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, सैकड़ों किसानों ने विद्युत विभाग का घेराव कर सौंपा ज्ञापन
केशव गुप्ता
बिसौली (बदायूं)। ग्राम नागपुर में लंबे समय से बनी हुई बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर ग्रामीणों और किसानों का आक्रोश शनिवार को खुलकर सामने आया। सैकड़ों ग्रामीणों ने एकजुट होकर बिसौली स्थित विद्युत विभाग कार्यालय पहुंचकर विभागीय अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है, जिससे किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। वहीं घरेलू उपभोक्ताओं को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
करीब 150 ग्रामीण और किसान विद्युत आपूर्ति केंद्र पहुंचे, जहां जेई, एसडीओ और एक्सईएन की अनुपस्थिति में विभागीय कर्मचारियों को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
ग्रामीणों ने मांग रखी कि ग्राम नागपुर को भानुपुर विद्युत उपकेंद्र से जोड़ा जाए, क्योंकि भानुपुर की विद्युत लाइन गांव के निकट से गुजरती है। उनका कहना है कि इससे गांव को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
ज्ञापन देने वालों में वीरू मौर्य, अनिल, रामसेवक, मदनलाल, राजवीर सागर, देवेंद्र, रोशनलाल, दिनेश शाक्य, सुरेश शाक्य, अनिल कुमार, किशन गुप्ता, डिंपल शर्मा, शकील अहमद, रामनिवास शाक्य, राखन लाल और बनवारी शाक्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं किसान मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि बिजली संकट का जल्द समाधान नहीं हुआ तो व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

