6:19 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

नगर पंचायत अलापुर में बड़ा घोटाला? बिना कार्यालय आए वेतन लेने के आरोप, जांच के आदेश

बदायूं

नगर पंचायत अलापुर में बड़ा घोटाला? बिना कार्यालय आए वेतन लेने के आरोप, जांच के आदेश

केशव गुप्ता

अलापुर (बदायूं)। नगर पंचायत अलापुर में प्रशासनिक लापरवाही और सरकारी धन के कथित दुरुपयोग का मामला सामने आया है। नगर पंचायत में तैनात एक कंप्यूटर ऑपरेटर समेत कई आउटसोर्सिंग कर्मचारियों पर बिना कार्यालय आए वेतन लेने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले को लेकर हिंदू स्वाभिमान परिषद ने प्रशासन से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
हिंदू स्वाभिमान परिषद के जिला अध्यक्ष राजन पाठक द्वारा अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) बदायूं को दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि नगर पंचायत अलापुर में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर अरवेद खान पुत्र अकरम खान नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित नहीं होते, इसके बावजूद उन्हें प्रतिमाह वेतन का भुगतान किया जा रहा है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि नगर पंचायत में आउटसोर्सिंग के माध्यम से तैनात कई अन्य कर्मचारी भी कार्यालय में कार्य नहीं करते, जबकि उनका नाम वेतन सूची में दर्ज है और उन्हें नियमित भुगतान किया जा रहा है। आरोप है कि ऐसे कर्मचारियों की वजह से सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है तथा आम जनता को मिलने वाली सुविधाएं भी प्रभावित हो रही हैं।
हिंदू स्वाभिमान परिषद ने प्रशासन से मांग की है कि नगर पंचायत अलापुर में कार्यरत सभी कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यप्रणाली और वेतन भुगतान की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
इस संबंध में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने बताया कि नगर पंचायत अलापुर के कर्मचारियों से जुड़ी शिकायत की जांच उपजिलाधिकारी दातागंज को सौंप दी गई है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि शिकायत में लगाए गए आरोप कितने सही हैं और प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

विज्ञापन एक्सप्रेस