6:19 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

बदायूं-मुरादाबाद हाईवे पर बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दो युवकों की मौत

बदायूं-मुरादाबाद हाईवे पर बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दो युवकों की मौत।

हेलमेट न लगाने से गई जान, वजीरगंज क्षेत्र के रोटा गांव के पास शुक्रवार देर रात हुआ हादसा।

बदायूं 30 मई।

बदायूं-मुरादाबाद हाईवे पर शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। वजीरगंज थाना क्षेत्र के रोटा गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों ने हेलमेट नहीं लगाया था। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।

पुलिस के अनुसार बिसौली थाना क्षेत्र के नवादा निवासी गोपी (25) और सहसवान क्षेत्र के भगतपुर निवासी दिनेश की बाइक रोटा गांव के पास टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज भिजवाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

वजीरगंज थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है। शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

गोपी और दिनेश की मौत की खबर मिलते ही घरों में चीख पुकार मच गई। नवादा और भगतपुर गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

विज्ञापन एक्सप्रेस