ज्येष्ठ पूर्णिमा- कछला गंगा घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों ने किया स्नान, कल लाखों की तैयारी।
उझानी बदायूं, 30 मई 2026।
ज्येष्ठ मास की व्रत वाली पूर्णिमा पर शनिवार को बदायूं के कछला गंगा घाट पर धर्म और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। ज्येष्ठ पूर्णिमा का दुर्लभ संयोग होने से ब्रह्म मुहूर्त से ही हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा में डुबकी लगाई।
मान्यता है कि ज्येष्ठ पूर्णिमा पर गंगा स्नान से जन्म-जन्मांतर के पाप धुल जाते हैं, घाट पर महिलाओं की संख्या खास रही। सुहागिनों ने स्नान के बाद भीगे वस्त्रों में ही गंगा किनारे गंगा मईया की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
कल मुख्य स्नान, लाखों की भीड़ का अनुमान
पंडित रामनरेश शास्त्री के अनुसार रविवार को पूर्णिमा तिथि पूरे दिन रहेगी और यही मुख्य स्नान का दिन है। पूर्णिमा होने से कल सुबह से ही लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। सुबह 4 बजे से ही बरेली हाईवे पर वाहनों का रेला शुरू हो जाएगा।
प्रशासनिक इंतजाम नाकाफी, श्रद्धालु परेशान

आज उमड़ी भीड़ के मुकाबले प्रशासन के इंतजाम न के बराबर दिखे। व्रत वाली पूर्णिमा पर महिलाओं-बच्चों की भारी संख्या के बावजूद घाट पर पुलिस, महिला कांस्टेबल और गोताखोरों की तैनाती कम रही। फिसलन रोकने को बालू, छाया के लिए टेंट और पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं थी। चिलचिलाती धूप में व्रत रखने वाली महिलाएं परेशान दिखीं।
श्रद्धालु कमला देवी ने बताया कि व्रत में सुबह से निर्जल रहने के बाद घाट पर पानी तक नहीं मिला। हर साल लाखों लोग आते हैं, फिर भी प्रशासन आखिरी दिन ही जागता है।
प्रशासन का दावा: कल रहेंगे पुख्ता इंतजाम
एसडीएम सदर ने बताया कि मुख्य स्नान और व्रत का उद्यापन रविवार को है। कल के लिए 8 थानों की पुलिस, पीएसी, महिला पुलिस, गोताखोर, NDRF की टीम और 4 एंबुलेंस तैनात रहेंगी। व्रतधारी महिलाओं की सुविधा के लिए घाट पर अलग से बैरिकेडिंग और शेड की व्यवस्था की गई है। जाम से निपटने के लिए रूट डायवर्जन भी लागू होगा।
ज्येष्ठ पूर्णिमा के इस महासंयोग पर गंगा स्नान का पुण्य कई गुना बढ़ जाता है। इसी आस्था के चलते कल कछला घाट पर आस्था का महाकुंभ लगना तय है।
राजेश वार्ष्णेय एमके।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

