बदायूं
कादरचौक में बाबा साहब के जयकारों से गूंजा इलाका, भारी पुलिस सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ढंग से निकली भव्य शोभायात्रा
कादरचौक, बदायूं। डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में बुधवार को कादरचौक क्षेत्र में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसने पूरे इलाके को बाबा साहब के जयकारों से गुंजायमान कर दिया। जोरी नगला गांव से शुरू हुई यह विशाल शोभायात्रा कस्बा कादरचौक के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः जोरी नगला पहुंचकर संपन्न हुई।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर बाबा साहब को नमन किया। डीजे पर बज रहे संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के गीतों और नारों से माहौल पूरी तरह भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना रहा।
यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। क्षेत्राधिकारी उझानी सुनील कुमार और थाना अध्यक्ष विक्रम सिंह भारी पुलिस बल के साथ पूरे रूट पर लगातार निगरानी करते रहे। सुरक्षा व्यवस्था इतनी सख्त रही कि पूरे आयोजन के दौरान कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई।
थानाध्यक्ष विक्रम सिंह ने बताया कि शोभायात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से सकुशल संपन्न हुई है। पुलिस द्वारा पूरे मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
इस दौरान ग्राम प्रधान कादरचौक दिनेश कुमार उर्फ धारा भैया समेत क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे। शोभायात्रा में शामिल लोगों ने बाबा साहब के बताए रास्ते पर चलने और सामाजिक समानता का संदेश देने का संकल्प भी लिया।
कादरचौक क्षेत्र में निकली इस भव्य शोभायात्रा को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरा इलाका देर शाम तक जय भीम के नारों से गूंजता रहा।
केशव गुप्ता

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

