बदायूं
ईद-उल-अजहा को लेकर बदायूँ में हाई अलर्ट, डीएम-एसएसपी ने बाजारों में किया फ्लैग मार्च
बदायूँ। आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में संयुक्त रूप से पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
फ्लैग मार्च थाना कोतवाली क्षेत्र के मुख्य बाजारों, सर्राफा बाजार और अन्य व्यस्त स्थानों पर किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने आमजन में सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कानून व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
डीएम और एसएसपी ने त्योहार के दौरान शहर में जाम की स्थिति न बनने देने के लिए प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस के साथ स्थानीय थाना पुलिस की भी तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही रात के समय बढ़ने वाली आवाजाही को देखते हुए पुलिस मोबाइल और रात्रि गश्त को और अधिक सक्रिय रखने को कहा गया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी को लेकर लगातार फुट पेट्रोलिंग और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जा रही है।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर रजनीश कुमार उपाध्याय सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
केशव गुप्ता





badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

