9:25 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

बदायूँ: ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने एसडीएम से लगाई न्याय की गुहार

बदायूं

बदायूँ: ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे का आरोप, ग्रामीणों ने एसडीएम से लगाई न्याय की गुहार

बदायूँ। तहसील दातागंज क्षेत्र के ग्राम चन्दीनगला में ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जे और प्रशासनिक मिलीभगत के आरोपों को लेकर ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी दातागंज को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि खाद के गड्ढों और आबादी की सार्वजनिक भूमि पर दबंगई के बल पर कब्जा कर दीवार निर्माण कराया गया है।
ग्राम चन्दीनगला निवासी टीकाराम, श्रीपाल, महीपाल, राजाराम और रामकुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव स्थित गाटा संख्या 329, 331 और 330 की भूमि खाद के गड्ढों व आबादी के उपयोग में थी। आरोप है कि गांव के ही विशालचन्द्र और राकेशचन्द्र ने कानूनगो सुवोध कुमार की मिलीभगत और पुलिस सहायता से उक्त भूमि पर जबरन कब्जा कर दीवार खड़ी करा दी।
ग्रामीणों का कहना है कि विरोध करने पर उन्हें धमकाया गया और मकान गिरवाने तक की बात कही गई। पीड़ितों के अनुसार उन्होंने कई बार तहसील प्रशासन को शिकायत दी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बाद में 8 मई 2026 को दिए गए प्रार्थना पत्र पर एसडीएम दातागंज के आदेश पर राजस्व टीम ने मौके की पैमाइश की।
जांच टीम में शामिल कानूनगो और लेखपालों ने 19 मई 2026 को अपनी रिपोर्ट में बताया कि गाटा संख्या 332 में लगभग 0.072 हेक्टेयर भूमि अधिक पाई गई। ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बावजूद अब तक कब्जा नहीं हटाया गया है।
पीड़ित ग्रामीणों ने एसडीएम दातागंज से मांग की है कि मामले में दोषी पाए गए विशालचन्द्र, राकेशचन्द्र और कानूनगो सुवोध कुमार के खिलाफ विभागीय जांच कर कठोर कार्रवाई की जाए तथा ग्राम समाज की भूमि को कब्जा मुक्त कराया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि वे मजदूर वर्ग से हैं और न्याय के लिए लगातार प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।

केशव गुप्ता

विज्ञापन एक्सप्रेस