बदायूं
28 मई के बाद बदलेगा मौसम का मिजाज, हीटवेव से मिलेगी राहत; कई राज्यों में बारिश और आंधी के आसार
उत्तर भारत में भीषण गर्मी और हीटवेव से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। मौसम विभाग के अनुसार 28 मई के बाद मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) सक्रिय होने के चलते कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू हो सकता है।
बताया जा रहा है कि पहाड़ी क्षेत्रों के ऊपर फिलहाल एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय बना हुआ है, जबकि अगला नया सिस्टम 28 मई को दस्तक देगा। इसके प्रभाव से अगले दो दिनों तक पहाड़ों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।
वहीं 28 मई से 30 मई के बीच पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक दो-तीन दिन की भीषण गर्मी के बाद अचानक मौसम करवट लेगा और तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है।
उत्तर भारत में एक बार फिर बारिश और आंधी का सिलसिला शुरू होने के आसार हैं। कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश देखने को मिल सकती है, जिससे हीटवेव से राहत मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा दक्षिण भारत और पश्चिमी तटीय इलाकों में मानसून पूर्व बारिश लगातार तेज हो रही है। वहीं उत्तर-पूर्वी बिहार और पूर्वोत्तर राज्यों में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
केशव गुप्ता

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

