6:17 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

दहेज की आग में झुलसा एक और घर: वजीरगंज में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति समेत 8 पर हत्या का केस

दहेज की आग में झुलसा एक और घर: वजीरगंज में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति समेत 8 पर हत्या का केस।

बदायूं 26 मई।

बदायूं जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव जुल्हेपुरा में मंगलवार सुबह एक विवाहिता का शव घर में पड़ा मिला। मृतका की पहचान कमला, उम्र 26 वर्ष, के रूप में हुई है। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद से ससुराल के सभी सदस्य फरार हैं।

बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र के सेंदी गांव निवासी मृतका के भाई प्रदीप ने बताया कि उनकी बहन कमला की शादी वर्ष 2020 में लेखराज उर्फ भूरे से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए कमला को प्रताड़ित कर रहे थे। सोमवार रात करीब 10 बजे कमला ने फोन कर बताया था कि दहेज को लेकर ससुराल वालों ने उसे बुरी तरह पीटा है। मंगलवार सुबह उसकी मौत की सूचना मिली।

जब मायके वाले जुल्हेपुरा पहुंचे तो कमला का शव घर में पड़ा था और ससुराल पक्ष के लोग मौके से गायब थे। मायके वालों का आरोप है कि ससुरालीजन कमला को काले रंग का ताना देकर बदसूरत भी कहते थे।

मृतका के चाचा ने वजीरगंज थाने में तहरीर दी है। इसमें पति लेखराज उर्फ भूरे, देवर विनोद, देवेंद्र, दुर्गेश, ननद सरोज, प्रियंका, ससुर सूरजपाल और सास कांता पर दहेज हत्या का आरोप लगाया गया है।

थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।

मृतका कमला अपने पीछे तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई है। घटना के बाद गांव में शोक के साथ आक्रोश भी है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस