5:48 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

आसमान से बरस रही आग, 43 डिग्री पार पहुंचा पारा; लोग, पशु-पक्षी बेहाल, राहत के आसार नहीं

आसमान से बरस रही आग, 43 डिग्री पार पहुंचा पारा; लोग, पशु-पक्षी बेहाल, राहत के आसार नहीं।

उझानी बदांयू 22 मई।

नगर समेत पूरे जिले में इन दिनों प्रचंड गर्मी का कहर जारी है। आसमान से बरसती आग और धरती से उठती तपिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे सुबह सात बजे से ही सूरज की तेज किरणें शरीर को झुलसाने लगीं। दोपहर में चलने वाली गर्म हवाओं (लू) ने हालात और बिगाड़ दिए।

बाजार-सड़कें सूनी, कामगार सबसे ज्यादा परेशान

तेज धूप और लू के चलते दोपहर में बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। जरूरी काम से निकलने वाले लोग भी गर्मी से बेहाल दिखे। दिहाड़ी मजदूर, रिक्शा चालक और खुले में काम करने वालों की हालत सबसे खराब है। पशु-पक्षी भी पानी के लिए इधर-उधर भटकते नजर आए।


रात में भी नहीं मिल रहा चैन

गर्मी का आलम यह है कि न दिन में चैन है और न रात को सुकून। उमस और गर्मी के कारण लोग रातभर करवटें बदलते रहे।

मौसम वैज्ञानिक की चेतावनी: अभी और सताएगी गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार, आगामी कुछ दिनों तक गर्मी से राहत की उम्मीद कम है। तापमान इसी तरह ऊंचा बना रहेगा और शुष्क मौसम के साथ तेज धूप व लू लोगों को परेशान करती रहेगी।

बढ़ी स्वास्थ्य समस्याएं, ओपीडी में लगी कतार

डिहाइड्रेशन, सिरदर्द, चक्कर और थकान के मरीजों की संख्या अस्पतालों में बढ़ गई है। डॉक्टरों ने धूप में निकलने से बचने और ज्यादा पानी पीने की सलाह दी है।

बिजली-पानी की मांग बढ़ी, संकट गहराया

कूलर, एसी और पंखों के लगातार चलने से बिजली की खपत बढ़ गई है। वहीं, कई मोहल्लों में पानी की किल्लत शुरू हो गई है।

विज्ञापन एक्सप्रेस