उझानी में विधवा ने उठाया खौफनाक कदम, खाया जहरीला पदार्थ मेडिकल कॉलेज में मौत।
उझानी बदांयू 21 मई।
कस्बे के चटईया मोहल्ले में बुधवार दोपहर उस वक्त कोहराम मच गया जब 35 वर्षीय विधवा नाजरीन ने घर में संदिग्ध हालात में जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन उझानी सीएचसी लेकर दौड़े, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
नाजरीन पत्नी बब्लू, निवासी चटईया मोहल्ला की तबीयत घर पर अचानक बिगड़ गई। परिजन एम्बुलेंस से उसे उझानी सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां बुधवार दोपहर करीब एक बजे डॉक्टरों ने नाजरीन की हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान नाजरीन ने दम तोड़ दिया।
मौत की सूचना पर कोतवाली पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की। लेकिन गमगीन परिजनों ने पुलिस से पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया। पुलिस की सहमति के बाद परिजन शव को अपने साथ घर ले गए।
नाजरीन की मौत से घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में भी मातमी सन्नाटा पसर गया। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। अगर तहरीर मिलती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

