बदायूं
“ग्राम स्वराज की नई हुंकार: वजीरगंज से लखनऊ तक प्रधानों का शक्ति प्रदर्शन, पंचायत अधिकारों की लड़ाई को मिला बड़ा मंच”
बदायूं/वजीरगंज।
प्रदेश की पंचायत राजनीति में एक नई हलचल उस वक्त देखने को मिली, जब वजीरगंज विकासखंड क्षेत्र के लगभग 50 ग्राम प्रधान एकजुट होकर राजधानी लखनऊ में आयोजित विशाल प्रधान महासम्मेलन में शामिल होने के लिए रवाना हुए। बसों से निकले प्रधानों के इस काफिले ने ग्रामीण नेतृत्व की ताकत और पंचायतों के अधिकारों को लेकर बढ़ती जागरूकता का संदेश दिया।
लखनऊ के इको गार्डन में आयोजित होने वाले इस महासम्मेलन में प्रदेशभर से हजारों प्रधानों के जुटने की उम्मीद है। वजीरगंज से पहुंचे प्रधानों ने कहा कि यह सम्मेलन केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि ग्राम पंचायतों के अधिकार, विकास कार्यों की गति, सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता और प्रधानों के सम्मान की लड़ाई का बड़ा मंच बनने जा रहा है।
प्रधानों का कहना है कि गांवों के विकास की असली तस्वीर पंचायतों से तय होती है, लेकिन कई बार प्रशासनिक बाधाएं और अधिकारों की सीमाएं विकास की रफ्तार को प्रभावित करती हैं। ऐसे में यह महासम्मेलन पंचायतों को मजबूत बनाने, ग्रामीण समस्याओं के समाधान और प्रधानों की आवाज को सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का काम करेगा।
वजीरगंज क्षेत्र के प्रधानों ने एक स्वर में कहा कि गांवों के विकास, सड़क, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों पर व्यापक चर्चा होगी। साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों के अधिकारों और सम्मान को लेकर भी रणनीति तैयार की जाएगी।
प्रधानों के इस सामूहिक शक्ति प्रदर्शन ने यह साफ कर दिया है कि अब गांवों की आवाज सिर्फ पंचायत भवनों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि राजधानी के सत्ता गलियारों तक मजबूती से पहुंचेगी।
केशव गुप्ता


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com