7:06 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

पीएम आवास योजना के फार्म लंबित, एसडीएम से की शिकायत

पीएम आवास योजना के फार्म लंबित, एसडीएम से की शिकायत
बिल्सी। प्रधानमंत्री आवास योजना-02 के पात्र आवेदकों के फार्म लंबित होने और कथित रूप से रिश्वत लेकर ही अग्रसारित किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में अधिवक्ता व सभासद अजीत सिंह गुर्जर एवं राहुल माहेश्वरी ने एसडीएम राजेश कुमार सिंह को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। सौंपे शिकायती पत्र में कहा गया है कि केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना के लगभग 80 पात्र आवेदन फार्म पूर्व में बिल्सी पर तैनात रहे राजस्व निरीक्षक के पास लंबे समय से लंबित पड़े हैं। आरोप है कि करीब आठ माह पूर्व उनका बिल्सी क्षेत्र से स्थानांतरण हो चुका है, इसके बावजूद उन्होंने आवेदन फार्म वर्तमान तैनात राजस्व निरीक्षक को हस्तांतरित नहीं किए हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि जो आवेदक रिश्वत दे रहे हैं, केवल उन्हीं के फार्म अग्रसारित किए जा रहे हैं, जबकि अन्य पात्र आवेदकों के आवेदन लंबित रखे गए हैं। इससे पात्र लोगों को सरकार की योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने एसडीएम से मांग की है कि राजस्व निरीक्षक के पास लंबित पात्र एवं अपात्र सभी आवेदन फार्म तलब कर जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि पात्र लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल सके।

विज्ञापन एक्सप्रेस