बदायूं की ‘कचरा क्रांति’ शुरू: रसूलपुर डंपिंग ग्राउंड पर एक करोड़ की लीगेसी वेस्ट परियोजना का शुभारंभ, रोजाना 60 मीट्रिक टन कचरे का होगा वैज्ञानिक निस्तारण

बदायूं नगर पालिका ने शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए रसूलपुर स्थित डंपिंग ग्राउंड पर करीब एक करोड़ रुपये की लागत वाली लीगेसी वेस्ट रिमेडिएशन परियोजना की शुरुआत कर दी। मंगलवार को पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा ने फीता काटकर इस महत्वाकांक्षी परियोजना का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
वर्षों से रसूलपुर डंपिंग ग्राउंड पर जमा कचरा आसपास के लोगों के लिए गंभीर समस्या बना हुआ था। कचरे से उठने वाली दुर्गंध, जहरीली गैसें और प्रदूषण के कारण स्थानीय निवासियों को लगातार स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब नगर पालिका की इस नई पहल से क्षेत्र को प्रदूषणमुक्त करने और लोगों को स्वच्छ वातावरण देने की उम्मीद जगी है।
पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा ने बताया कि परियोजना के तहत प्रतिदिन लगभग 60 मीट्रिक टन लीगेसी वेस्ट का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा। इस कार्य की जिम्मेदारी श्री कामद इंटर प्राइजेज को सौंपी गई है, जो आधुनिक मशीनों और प्रशिक्षित कर्मचारियों की मदद से कचरे का उपचार करेगी। उनका कहना है कि धीरे-धीरे वर्षों से जमा कचरे को पूरी तरह समाप्त कर शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि लीगेसी वेस्ट केवल गंदगी का ढेर नहीं, बल्कि पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा होता है। इससे निकलने वाली जहरीली गैसें वायु प्रदूषण बढ़ाती हैं, जबकि बरसात में रिसने वाला दूषित पानी भूजल को भी प्रभावित करता है। इसके अलावा संक्रमण और दुर्गंध का खतरा लगातार बना रहता है। नगर पालिका अब इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है।
पालिकाध्यक्ष ने बदायूं को एक आदर्श, व्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि नगर में सड़क कनेक्टिविटी, पार्कों के विकास, डिवाइडर निर्माण, हरित पट्टी और सौंदर्यीकरण जैसे कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। आने वाले समय में शहर की आधारभूत सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा ताकि बदायूं स्वच्छता और विकास दोनों क्षेत्रों में नई पहचान बना सके।
अधिशासी अधिकारी विनय कुमार मणि त्रिपाठी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शहर को पूरी तरह स्वच्छ बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद डंपिंग ग्राउंड की जमीन का बेहतर और पर्यावरण अनुकूल उपयोग भी संभव हो सकेगा।
पालिकाध्यक्ष ने नागरिकों से भी अपील की कि स्वच्छता केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने और कचरे को निर्धारित स्थानों पर डालने की अपील की।
स्थानीय लोगों ने भी परियोजना शुरू होने पर खुशी जताई। उनका कहना है कि वर्षों से डंपिंग ग्राउंड की वजह से क्षेत्र में दुर्गंध और गंदगी की समस्या बनी रहती थी, खासकर गर्मी और बरसात में हालात बेहद खराब हो जाते थे। अब लोगों को उम्मीद है कि इस योजना से इलाके में बड़ा बदलाव दिखाई देगा।
इस मौके पर कार्यालय अधीक्षक सूर्य प्रकाश सक्सेना, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मोहम्मद तय्यब, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक केशव गंगवार, निर्माण लिपिक सचिन सक्सेना समेत नगर पालिका के कई अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद
केशव गुप्ता
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
