5:50 pm Monday , 27 July 2026
BREAKING NEWS

अलापुर – चेयरपर्सन की गैरहाजिरी से ठप हुई बोर्ड बैठक

चेयरपर्सन की गैरहाजिरी से ठप हुई बोर्ड बैठक।

अलापुर नगर पंचायत में विकास कार्यों पर लगा ब्रेक, सभासदों में भारी नाराजगी।

बदायूं 18 मई ।

नगर पंचायत अलापुर में चेयरपर्सन हुमा बी की गैरहाजिरी और अधिकार विवाद के चलते बोर्ड बैठक ठप पड़ी है। 3 महीने से बैठक न होने से शहर के विकास कार्य पूरी तरह ब्रेक पर आ गए हैं। पेयजल, सड़क, नाली और सफाई से जुड़े प्रस्ताव पास नहीं हो पा रहे। इससे नाराज सभासदों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

क्यों ठप है बैठक?
वित्तीय अधिकार सीज – SDM दातागंज की जांच में 50 लाख से अधिक की वित्तीय अनियमितता सामने आने के बाद DM के निर्देश पर 16 जुलाई को चेयरपर्सन हुमा बी के वित्तीय-प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिए गए थे। SDM धर्मेंद्र कुमार सिंह को प्रशासक बनाया गया है।
धोखाधड़ी की FIR-ई-निविदा में EO के फर्जी हस्ताक्षर कर टेंडर आमंत्रित करने के आरोप में चेयरपर्सन, उनके पति फहीमउद्दीन और लिपिक गार्गी गुप्ता पर केस दर्ज है।
हाईकोर्ट से राहत- चेयरपर्सन ने हाईकोर्ट लखनऊ बेंच में अपील की। कोर्ट ने शासन का आदेश अमान्य करते हुए अधिकार बहाल कर दिए। फिर भी विवाद थमा नहीं।

सभासदों का आरोप

सभासद मुहम्मद फरीद समेत कई सदस्यों का कहना है कि “बोर्ड बैठक न होने से वार्डों में जरूरी काम लटके हैं। जनता हमसे सवाल कर रही है। चेयरपर्सन आती नहीं और प्रशासक के भरोसे काम नहीं हो रहे।”

सभासद पहले भी धांधली की शिकायत DM-शासन से कर चुके हैं। एक बार जांच टीम के सामने ही दोनों गुटों में लात-घूंसे चल गए थे। चेयरमैन पति समेत 15 पर FIR हुई थी।

चेयरपर्सन का पक्ष

हुमा बी का कहना है कि “मीडिया से ही कार्रवाई की जानकारी मिली। राजनीति के तहत फंसाया जा रहा है। नोटिस तक नहीं दिया गया। ई-निविदा के वक्त मैं 12 से 23 दिसंबर तक दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती थी।”

प्रशासन क्या बोला

SDM दातागंज धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कहा, “जिलाधिकारी के निर्देश पर वित्तीय अधिकार सीज किए गए थे। हाईकोर्ट के आदेश के बाद आगे की कार्रवाई शासन के निर्देश पर होगी। फिलहाल प्रशासक के तौर पर जरूरी कार्य कराए जा रहे हैं।”

जनता परेशान

बोर्ड बैठक न होने से 14वें-15वें वित्त आयोग का पैसा खर्च नहीं हो पा रहा। वार्डों में कूड़ा, पानी और सड़क की समस्या बढ़ गई है। सभासदों ने चेतावनी दी है कि जल्द बैठक नहीं बुलाई तो धरना देंगे।

विज्ञापन एक्सप्रेस