बदायूं
मिशन शक्ति-5 अभियान के तहत जरीफनगर पुलिस की बड़ी पहल, महिलाओं को किया जागरूक
बदायूं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं अंकिता शर्मा के निर्देशन में थाना जरीफनगर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति-5 अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान गठित मिशन शक्ति टीम ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित हेल्पलाइन नंबरों तथा साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया।
पुलिस टीम ने महिलाओं और छात्राओं को बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, साइबर ठगी, सोशल मीडिया उत्पीड़न अथवा आपात स्थिति में तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 112, महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित अन्य सेवाओं का उपयोग करें। साथ ही साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए तरीकों की जानकारी देते हुए लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई।
मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और बिना डर के पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सरकार एवं पुलिस विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, जिसके लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।
अभियान के दौरान क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों से महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ रहा है तथा समाज में सुरक्षा का माहौल मजबूत हो रहा है।
केशव गुप्ता



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

