6:49 pm Monday , 27 July 2026
BREAKING NEWS

अमर ज्योति यूनिवर्स लिमिटेड घोटाले में पुलिस का बड़ा एक्शन, घरों पर ढोल-नगाड़ों के साथ कराई मुनादी

50-50 हजार के इनामी तीनों आरोपी फरार, अब होगी कुर्की की कार्रवाई!

अमर ज्योति यूनिवर्स लिमिटेड घोटाले में पुलिस का बड़ा एक्शन, घरों पर ढोल-नगाड़ों के साथ कराई मुनादी

बदायूँ। करोड़ों रुपये के कथित घोटाले में फंसी अमर ज्योति यूनिवर्स लिमिटेड कम्पनी के खिलाफ बदायूँ पुलिस ने शिकंजा और कस दिया है। थाना कोतवाली पुलिस ने कम्पनी के तीन मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोर्ट से जारी धारा 84 BNSS की उद्घोषणा तामील कराते हुए उनके घरों पर मुनादी कराई। पुलिस की इस कार्रवाई से आरोपियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के मुताबिक कम्पनी पर लोगों के नाम से फर्जी खाते खोलने, जाली पासबुक और दस्तावेज तैयार कर खाताधारकों की जमा पूंजी का गबन करने जैसे गंभीर आरोप हैं। इस मामले में थाना कोतवाली में कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें कम्पनी के निदेशक शशिकांत मौर्य, सूर्यकांत मौर्य और श्रीकांत मौर्य को नामजद किया गया है। तीनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे हैं।
बताया जा रहा है कि तीनों आरोपियों पर पहले ही 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया जा चुका है, लेकिन लगातार फरारी के चलते पुलिस ने अब कानूनी दबाव और बढ़ा दिया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बदायूँ द्वारा जारी उद्घोषणा आदेश के बाद 16 मई को विवेचक, कोतवाली पुलिस, थाना बारादरी बरेली पुलिस तथा गवाहों की मौजूदगी में आरोपियों के घरों पर मुनादी कराई गई।
पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि यदि आरोपी जल्द ही न्यायालय में पेश नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस हाईप्रोफाइल वित्तीय घोटाले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है और निवेशकों में भी भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
सूत्रों की मानें तो पुलिस अब आरोपियों की संपत्तियों का ब्योरा जुटाने में भी लगी हुई है, ताकि फरार आरोपियों पर पूरी तरह शिकंजा कसा जा सके।

केशव गुप्ता


विज्ञापन एक्सप्रेस