जनसेवा ही धर्म, जनता का दर्द ही पहला कर्म: बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने सुनीं फरियादें।
बोले- जनता का काम नहीं रुकेगा, 24 घंटे में हो समाधान।
बदांयू 17 मई।

“जनता की आंख में आंसू और विधायक चैन से सोए, ये अब नहीं होगा।” रविवार को कैंप कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान बिल्सी विधायक हरीश शाक्य का यह संकल्प गूंज उठा। भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों के बीच सुबह से ही कैंप कार्यालय पर फरियादियों का तांता लग गया। बिजली, पानी, सड़क, पेंशन और इलाज जैसी सैकड़ों समस्याएं लेकर पहुंचे लोगों को विधायक हरीश शाक्य ने खुद एक-एक कर गंभीरता से सुना।
जैसे ही एक बुजुर्ग महिला ने रोते हुए बताया कि 3 महीने से पेंशन नहीं आई, विधायक हरीश शाक्य का पारा चढ़ गया। उन्होंने तुरंत समाज कल्याण अधिकारी को फोन पर फटकार लगाई, “24 घंटे में पेंशन खाते में नहीं गई तो कुर्सी खाली कर देना।” “जनता का काम टालने वाले अफसर बख्शे नहीं जाएंगे। त्वरित और प्रभावी समाधान चाहिए, कागजी घोड़े नहीं।”
जनसुनवाई के बाद बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने कहा, “जनसेवा ही सर्वोपरि संकल्प है। जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना और हर व्यक्ति की समस्या का समाधान करना मेरी पहली प्राथमिकता है। आमजन की सेवा, क्षेत्र का विकास और जनहित के कार्य इसी रफ्तार से जारी रहेंगे। आप सभी का विश्वास और स्नेह ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है।”
फरियाद लेकर आए उझानी के किसान रामकिशोर बोले, “पहली बार कोई विधायक मिला जिसने हाथ पकड़कर कुर्सी पर बैठाया और पानी पिलाकर समस्या पूछी।” दातागंज की विधवा महिला शांति देवी की आंखें भर आईं, “हरीश भैया ने बेटा जैसा सुख दिया।”
जनसुनवाई दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक चली। इस दौरान 200 से ज्यादा प्रार्थना पत्र लिए गए और 40 से अधिक मामलों का मौके पर ही निस्तारण बिल्सी विधायक हरीश शाक्य के निर्देश पर कराया गया।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
