उझानी नगर पालिका की 52 करोड़ की बजट बैठक पर विवाद, आप ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
बदायूं 15 मई ।
नगर पालिका परिषद उझानी में 11 मार्च 2025 को हुई बजट बोर्ड बैठक को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आम आदमी पार्टी ने बैठक को शासनादेश के खिलाफ बताते हुए जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन एसडीएम सदर मोहित कुमार को सौंपकर इसे निरस्त करने की मांग की है।
पार्टी का आरोप है कि 31 जनवरी से 4 अप्रैल 2025 तक भारत सरकार का बजट सत्र चल रहा था। शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि संसद अथवा विधानमंडल सत्र के दौरान जनप्रतिनिधियों वाली समितियों की बैठकें आयोजित नहीं की जा सकतीं। इसके बावजूद 11 मार्च को उझानी नगर पालिका में करीब 52 करोड़ रुपये का बजट पास कर दिया गया।
आप नेताओं ने कहा कि इस मामले में आदित्य गुप्ता ने पहले भी शिकायत की थी। जांच आख्या में बैठक आयोजित होने की पुष्टि हो चुकी है। पार्टी ने इसे जनप्रतिनिधियों के विशेषाधिकार का हनन बताते हुए दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन देने वालों में जिला अध्यक्ष भूदेव सिंह, जिला उपाध्यक्ष दिनेश सिंह राठौड़, महिला जिला अध्यक्ष संगीता पटेल, जिला उपाध्यक्ष राकेश सोलंकी, जिला सचिव जरीना बेगम, श्रम प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष रवि राजपूत, सहसवान विधानसभा अध्यक्ष आरिफ मोहम्मद, प्रदेश सचिव आदित्य गुप्ता, नगर अध्यक्ष उझानी आशुतोष यादव समेत ओमपाल सिंह यादव, विद्यावती, लाल सिंह, रामप्रताप, प्रेमवती व अवनीश कुमार शामिल रहे।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
