बदायूं में गरजे व्यापारी: ‘फूड एक्ट की खामियां दूर करो’, डीएम को सौंपा 12 सूत्री मांगपत्र।
सैंपल रिपोर्ट में देरी से एक्सपायरी तक निकल जाती है, निर्माता को बेवजह बनाया जाता है आरोपी: उद्योग व्यापार मंडल।
बदायूं,14 मई ।
खाद्य सुरक्षा अधिनियम की खामियों से परेशान व्यापारियों का गुस्सा बृहस्पतिवार को सड़कों पर फूट पड़ा। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के बैनर तले सैकड़ों व्यापारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित 12 सूत्रीय मांगपत्र जिला अभिहित अधिकारी सी एल यादव को सौंपा।
‘14 दिन की जगह महीनों में मिलती है रिपोर्ट’-
जिलाध्यक्ष नवनीत गुप्ता ने कहा कि फूड एक्ट में 14 दिन में जांच रिपोर्ट देने का प्रावधान है, लेकिन हकीकत में महीनों लग जाते हैं। प्रांतीय युवा वरिष्ठ उपाध्यक्ष अवधेश लड्डा ने आरोप लगाया कि देरी के चलते कई बार सैंपल की एक्सपायरी डेट ही निकल जाती है और व्यापारी बेवजह कानूनी पचड़े में फंस जाता है।
‘बिल दिखाने पर ही निर्माता को बनाया जाए पार्टी’-
व्यापारियों ने मांग उठाई कि फॉर्म 5-क निर्माता के पते पर तुरंत पंजीकृत डाक से भेजा जाए। रिटेलर या होलसेलर बिल दिखा दे तो सैंपल भरते समय सीधे निर्माता को ही पार्टी बनाया जाए, ताकि छोटे दुकानदार को बेवजह परेशान न होना पड़े।
‘अधोमानक और असुरक्षित में फर्क साफ हो’-
जिला चेयरमैन चंद्रसेन माहेश्वरी ने कहा कि नमूनों को मनमर्जी से ‘असुरक्षित’ घोषित कर दिया जाता है। अधोमानक और असुरक्षित की परिभाषा स्पष्ट होनी चाहिए। वहीं नगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने मामूली मामलों के लिए धारा-69 के तहत तत्काल शमन की व्यवस्था लागू करने की मांग की।
NABL जांच के बाद छापेमारी बंद हो –
नगर चेयरमैन दिनेश गुप्ता ने कहा कि यदि निर्माता हर छह माह में NABL लैब से जांच कराकर रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड कर दे, तो सीलबंद पैकिंग पर छापेमारी बंद की जाए। जिला कोषाध्यक्ष अमित वैश्य ने प्राइवेट लैब की रिपोर्ट पर निर्माता के खिलाफ कार्रवाई को गलत बताया।
खेत से थाली तक नए मानक बनें –
जिला उपाध्यक्ष मृगांक जैन ने कहा कि खेतों में रासायनिक खाद और कीटनाशकों का अंधाधुंध प्रयोग हो रहा है, ऐसे में खाद्य पदार्थों के मानक नए सिरे से तय हों। नरेश शंखधार ने मांग की कि सरकार सर्वे सैंपलों की रिपोर्ट सार्वजनिक करे और उसी आधार पर मानक बनाए।
ये रहे मौजूद-
प्रदर्शन में अवधेश लड्डा, रूपेंद्र सिंह लाम्बा, जावेद खान, सर्वत हमीद खान, राहुल सोलंकी, संजय रस्तोगी, संजीव आहूजा, दीपक सक्सेना समेत तमाम व्यापारी शामिल रहे।
व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द खामियां दूर नहीं हुईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।







badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
