बदायूं जिला कोर्ट परिसर में हड़कंप: संदिग्ध हालात में मिले कोर्ट कर्मचारी सुधीर, जांच में जुटा प्रशासन
बदायूं। सोमवार को जिला कोर्ट परिसर उस समय अचानक अफरा-तफरी और चर्चाओं का केंद्र बन गया, जब कोर्ट में कार्यरत लगभग 40 वर्षीय कर्मचारी सुधीर संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर अवस्था में मिले। घटना की जानकारी मिलते ही न्यायालय परिसर में मौजूद कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और फरियादियों में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि सुधीर पूर्व में सहसवान में तैनात थे और कुछ समय पहले ही उनका स्थानांतरण बदायूं हुआ था। जबकि उनका परिवार अब भी सहसवान में रह रहा था। सूत्रों के मुताबिक वह काफी समय से दोबारा सहसवान स्थानांतरण कराने के प्रयास में लगे हुए थे। इसी बीच सोमवार को सीजीएम कोर्ट के सामने बने एक कमरे में उनकी हालत गंभीर मिलने की सूचना से पूरे परिसर में सनसनी फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए भेजा गया। घटना को लेकर कोर्ट परिसर और स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। कुछ लोग स्थानांतरण प्रक्रिया और कथित मानसिक दबाव जैसी बातों को घटना से जोड़कर देख रहे हैं, हालांकि अभी तक किसी भी दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं कुछ कर्मचारियों का कहना है कि यदि समय रहते सहायता मिल जाती तो शायद स्थिति अलग हो सकती थी। घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल पूरे मामले की वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी। जिला कोर्ट परिसर में हुई इस घटना ने कर्मचारियों और आम लोगों के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
केशव गुप्ता
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
