11:35 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी: निर्माणाधीन बरेली-मथुरा हाईवे पर डंपर ने मजदूर को कुचला, मौके पर मौत

उझानी: निर्माणाधीन बरेली-मथुरा हाईवे पर डंपर ने मजदूर को कुचला, मौके पर मौत।

उझानी, बदायूं 9 मई 2026।

उझानी कोतवाली क्षेत्र के बसोमा गांव के पास निर्माणाधीन बरेली-मथुरा हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क निर्माण कार्य में लगा एक मजदूर तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आ गया। डंपर का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मृतक मजदूर वंश 20 पुत्र डिप्टी निवासी मेरठ के थाना फलावदा के गांव महलका निवासी हाईवे पर मिट्टी डालने का काम कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे मिट्टी भरे डंपर के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए मजदूर को टक्कर मार दी। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलते ही उझानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। कोतवाल ने बताया कि डंपर को कब्जे में ले लिया गया है।

घटना के बाद साइट पर काम कर रहे अन्य मजदूरों में आक्रोश फैल गया। मजदूरों ने ठेकेदार पर सुरक्षा इंतजाम न करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि निर्माण स्थल पर न तो बैरिकेडिंग थी और न ही मजदूरों को सेफ्टी जैकेट दी गई थी।

बरेली-मथुरा हाईवे का निर्माण कार्य पिछले कई महीनों से चल रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कंपनी रात-दिन डंपरों का संचालन कर रही है, लेकिन सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा। इससे पहले भी इस मार्ग पर कई हादसे हो चुके हैं।

फिलहाल पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है,मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।_

विज्ञापन एक्सप्रेस